नवलगढ़। शेखावाटी क्षेत्र में पिछले तीस साल से चल रही पानी की मांग पूरी होने पर रविवार सुबह भाजपा कार्यालय में भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष शब्दप्रकाश बियाण के नेतृत्व में पटाखे फोड़ कर मिठाइयां बांटी। इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र सैनी ने कहा कि पहली बार नवलगढ़ में कमल खिलने पर विधायक विक्रम सिंह जाखल के अथक प्रयास से जिले में चल रही पानी की मांग पूरी हो पाई है। इसलिए हम लोगों को इस परेशानी से निजात मिलेगी। इस दौरान पूर्व भाजपा नेता ख्यालीराम गुर्जर ने बताया कि यह मांग लंबे समय से चल रही थी, जिसको हमारे जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनता की पीड़ा को समझा और पूरी की है। इस दौरान किशनलाल गुर्जर, मंजू सैनी, मनोज सोनी, पार्षद हितेश थोरी, मनोज रणवां, कृष्ण गोपाल जोशी, सुनिल सामरा, सलीम धोबी आदि मौजूद थे।
भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने आतिशबाजी कर मनाया जश्न

चिड़ावा। 30 साल से चली आ रही यमुना के पानी की योजना अब धरातल पर उतरने जा रही है। यमुना के पानी को हरियाणा अब राजस्थान को देगा। राजस्थान की पानी की जरूरतों को देखते हुए हरियाणा पड़ौसी का धर्म निभाएगा। दिल्ली में शनिवार को दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में समझौता हुआ। इस समझौते से राजस्थान के शेखावाटी के तीन जिलों में पीने के पानी की सप्लाई होगी। रविवार को चिड़ावा के विवेकानंद चौक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला महामंत्री राजेश दहिया के दिशा-निर्देशन में जमकर आतिशबाजी की और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
भाजपा जिला महामंत्री राजेश दहिया ने कहा आखिर लंबे अरसे के बाद यमुना के पानी की मांग पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि भाजपा ने जो कहा वो करके दिखाया। योजना अब धरातल पर उतरेगी। कांग्रेस सरकार ने इस योजना पर ध्यान नहीं दिया। इसकी वजह शेखावाटी के जिलों में आम जनता को पीने के पानी से परेशान होना पड़ा। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा, मंडल अध्यक्ष विकास स्वामी, मुरलीमनोहर शर्मा, पूर्व पार्षद सुरेश भूकर, मुकेश जलिंद्रा, पंचायत सीमित सदस्य रोहिताश धांगड़, मदन डारा, मुकेश शर्मा, रविकांत शर्मा, किशोरीलाल, अमरसिंह, संदीप, दीपचंद, दीपक स्वामी, सुलतान जांगिड़, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज श्योराण, मंजू कुलहरि, उमा, अनिता जांगिड़, अंजू काला, जयसिंह नूनियां, अशोक शर्मा, अशोक महरानिया, पूनम लाम्बा सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक चौधरी के नेतृत्व में पटाखे फोड़े-मिठाई बांटी,

गुढ़ागौड़जी। पिछले 20 साल से शेखावाटी की बड़ी मांग बनी नहरी पानी को लेकर लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा की ओर से खेले गए मास्टर स्ट्रोक को अब भुनाने की तैयारी कर दी गई है। हरियाणा से मिलने वाले नहरी पानी को लाने के लिए अब दोनों राज्यों के बीच सहमति बन गई है। हालांकि इस प्रकार के राजनीतिक चर्चाएं पहले भी हुई। लेकिन वे धरातल पर नहीं उतर पाई। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत द्वारा शनिवार को जल्द इस प्रोजेक्ट की डीपीआर बनाने का ऐलान किया है। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री के साथ राजस्थान व हरियाणा के मुख्यमंत्रियों की हुई बैठक में इसके लिए नई डीपीआर बनाने पर सहमति बनी।
चार महीने में प्रोजेक्ट की डीपीआर बनेगी और इसके बाद अंडरग्राउंड पाइपलाइन के जरिए झुंझुनूं जिले में यमुना का पानी पहुंचेगा। पानी पहुंचने से जिले में पेयजल किल्लत तो दूर होगी ही, साथ ही सिंचाई के लिए पानी मिलने से जिले में हरित क्रांति को पंख लग सकेंगे। अंडरग्राउंड पाइपलाइन के जरिए जुलाई से अक्टूबर के बीच प्रदेश के सीकर, नीमकाथाना, झुंझुनूं, चूरू समेत अन्य जिलों के लिए 577 एमसीएम पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इस बड़े राजनीतिक मास्टर स्ट्रोक के बाद भाजपा के छोटे से लेकर बड़े नेता लोक सभा चुनाव में इसे भुनाने में लग गए है। यहां के गुढ़ागौड़जी में रविवार को भाजपा के प्रत्याशी व पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी के नेतृत्व कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी व पटाखें फोड़कर खुशी जाहिर की। हरियाणा व राजस्थान के मुख्यमंत्री के अलावा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार जताया। खुशी जताने वालों में विधानसभा संयोजक राकेश जाखड़, मनदीप बराला, जिपस अजय भालोठिया, सतपाल मावलिया, अमरसिंह धींवा, केशराम जाखड़, एडवोकेट विजय ओला, मनोज कुलहरि, पंसस बंसत चौधरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।