Thursday, February 13, 2025
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

हर बूथ पर पिछले चुनावों के मुकाबले 10 प्रतिशत अधिक वोट प्राप्त करने का लक्ष्य हासिल करना है : चतुर्वेदी

झुंझुनूं। भाजपा लोकसभा चुनावों को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में पार्टी नेताओं के दौरे भी शुरू हो गए है। चुनावों की अब तक की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और लोकसभा चुनावों के लिए लगाए गए संभाग प्रभारी अरूण चतुर्वेदी झुंझुनूं पहुंचे। उन्होंने बगड़ के एक निजी होटल में करीब दो घंटे तक पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए चुनाव प्रबंधन समिति और कोर कमेटी की बैठक ली। इस मौके पर भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य विश्वंभर पूनियां, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष अहलावत व भाजपा जिलाध्यक्ष पवन मावंडिया समेत पार्टी के तमाम नेता और पदाधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर अरूण चतुर्वेदी ने लोकसभा क्षेत्र के सभी बूथों को ग्रेडिंग के हिसाब बांटने के लिए निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि 2013 से जिन बूथों पर पार्टी ने लगातार पांच चुनाव जीते है। उन्हें ए कैटेगिरी में रखा जाए। जहां पर तीन चुनाव जीते है उन्हें बी और जहां पर दो या फिर इससे कम चुनाव जीते है। उन्हें सी कैटेगिरी में रखे। साथ ही यह तय करें हर बूथ पर पिछले चुनावों के मुकाबले 10 प्रतिशत अधिक वोट प्राप्त करने है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यमुना नहर को लेकर सरकार ने जो ऐतिहासिक निर्णय करवाया है। उसे भी निचले स्तर तक ले जाया जाएगा। क्योंकि कांग्रेस ने 1961 से केवल यमुना के पानी के नाम पर वोट लिए। लेकिन किया कुछ नहीं। अब भाजपा की डबल ईंजन सरकार ने इसमें ऐतिहासिक निर्णय करवाया है। जल्द ही यमुना का पानी झुंझुनूं को मिलेगा। उन्होंने संकेत दिए है कि यमुना नहर को लेकर हुए समझौते की खुशी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी शेखावाटी के लोग आभार जताएंगे। इसलिए मुख्यमंत्री का दौरा भी हो सकता है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में जो कमियां रही थी। उसे दूर किया जाएगा। इसके अलावा भाजपा ने अपना प्रत्याशी तय कर लिया है। वो कमल का निशान है। प्रत्याशी का नाम खाली है। जो पार्टी तय करेगी। लेकिन चुनावों की तैयारी पूरी है। उन्होंने इस मौके पर यह भी बताया कि जल्द ही केंद्रीय नेताओं के दौरे पर होंगे। पहले कलस्टर स्तरीय बैठक को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्ढा, गृह मंत्री अमित शाह या फिर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सरीखे नेता लेंगे। इसके बाद लोकसभा स्तरीय और बाद में हर विधानसभा स्तरीय बैठकें होगी। सभी में केंद्रीय और प्रदेश स्तरीय नेता आएंगे।

ये दिशा निर्देश भी दिए चतुर्वेदी ने
बैठक में चतुर्वेदी ने लोकसभा की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक मंडल के बूथ स्तर तक बूथ समिति, पन्ना प्रमुख एवं पेज प्रमुख की नियुक्तियां संपूर्ण करने सहित नव मतदाता अभियान, केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी तक पहुंचने, शक्ति वंदन कार्यक्रम से महिलाओं को जोड़ने तथा प्रभावशाली व्यक्तियों को पार्टी में शामिल करवाने सहित प्रबंधन समिति एवं कोर कमेटी के सदस्यों को लोकसभा चुनाव के लिए अपने-अपने कर्तव्यों का कर्मठता से पालन करने की बात कही।

भाजपा की बैठक में मौजूद जिलेभर से आए पदाधिकारी।

बैठक में ये भाजपा नेता व पदाधिकारी भी रहे मौजूद
बैठक में लोकसभा चुनाव के सह प्रभारी जितेंद्र शर्मा, खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर, जिला प्रभारी केडी बाबर व अन्य भी मंच पर रहे। इस मौके पर पूर्व विधायक सुभाष पूनियां, लोकसभा विस्तारक अंकुर माहेश्वरी, उप जिला प्रमुख सतवीर गुर्जर, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनवारीलाल सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, जिला महामंत्री सरजीत चौधरी, जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल ढूकिया, राकेश शर्मा बगड़, रामनिरंजन पुरोहित, सुशीला सीगड़ा, शेरसिंह निर्माण, सुनील लांबा, महेंद्र चंदवा, राकेश शर्मा पाटन, मंजू सैनी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सरोज श्योराण, उपाध्यक्ष अनिता जांगिड़, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र भाटिया, मुरलीमनोहर शर्मा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रतनसिंह तंवर, विकास शर्मा लोटिया, डॉ. राजेश बाबल, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश सहल, विजेंद्र हटवाल, विकास पुरोहित, ललित जोशी, दिलीप सैनी, पार्षद चंद्रप्रकाश शुक्ला, इंद्राज सैनी, मनोज कुंडलवाल, गोविंद शर्मा फतेहपुर, महेश जीनगर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता में चतुर्वेदी ने कहा—5 साल के कामों का वादों पूरा निभाएंगे
इधर, झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और क्लस्टर प्रभारी अरूण चतुर्वेदी ने प्रेसवार्ता की। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने 5 साल में जो कार्य करने का वायदा किया था। उसको 60 दिन में क्रमबद्ध करने का भाजपा सरकार ने किया हैं। चाहे वो पेंशन की बढ़ोतरी हो, सम्मान निधि हो या फिर वर्षों से लंबित ईआरसीपी ओर यमुना का मामला हो सभी को सरकार पूरा करेगी। पेपर लीक के मामले को लेकर भाजपा नेता अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि पेपर लीक मामले में लगातार कार्रवाई जारी हैं और जो लिफ्ट हैं। उनकी गिरफ्तारी हो रही हैं। सरकार इसको लेकर गंभीरता से काम कर रही हैं। यमुना नहर की डीपीआर को लेकर कहा कि जल्द ही इसको लेकर काम शुरू होगा होगा और पांच साल में यमुना का पानी मिलने लगेगा। पड़ौसी राज्य की तरह पेट्रोल डीजल पर वैट कमी के सवाल को लेकर भाजपा नेता अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार इसको लेकर जल्द फैसला करेगी। पीएम ने जो जो वायदे किए है। उन्हें पूरा किया जाएगा। पीएम ने जो वायदे किए है। उन्हें पूरा किया गया हैं। चाहे वो कोरोना के समय आर्थिक मदद, हर गांव को बिजली से जोड़ना हो या फिर शौचालय विहीन परिवारों को के लिए शौचालय निर्माण का कार्य हो जो वायदा किया गया। उसे समय से पहले पूरा करने का काम किया गया हैं। एमएसपी के सवाल कहा कि भाजपा सरकार से हर बार एमएसपी बढ़ा कर दी हैं। किसानों की जो बातें हैं उस पर भी सरकार सकारात्मक रूप से बात कर रही हैं।