Wednesday, May 21, 2025
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में कांस्टेबल गिरफ्तार, जेल भेजा

झुंझुनूं। कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में राजस्थान पुलिस के कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। जिसे कोर्ट ने जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक सीकर जिले की एक युवती ने झुंझुनूं पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल अशोक चौधरी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने किठाना निवासी 30 वर्षीय कांस्टेबल अशोक चौधरी पर दुष्कर्म करने की धाराओं में मामला दर्ज करते हुए जांच की और जांच के बाद अशोक चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। शहर कोतवाल पवन चौबे ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल अशोक चौधरी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इधर, सूत्रों की मानें तो कांस्टेबल अशोक चौधरी पुलिस लाइन में तैनात था। सोशल मीडिया के जरिए अशोक चौधरी की युवती से जान-पहचान हुई। इसके बाद युवती के लगाए आरोपों के मुताबिक अशोक चौधरी ने युवती को शादी करने का झांसा दिया और उसे झुंझुनूं बुलाया। जहां पर उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद शादी से इंकार कर दिया। जिसके बाद युवती ने कोतवाली में मामला दर्ज करवाया। अशोक चौधरी भी अविवाहित है। पुलिस मामले की पूरी जांच में जुटी हुई है।

शहर भाजपा उपाध्यक्ष के घर चोर घुसे, लाखों का माल पार किया

मणि विहार स्थित मकान में चोरी के बाद आलमारी दिखाते हुए

चिड़ावा कस्बे के बाद अब झुंझुनूं शहर में भी चोरी की सिलसिलेवार वारदात हो रही है। आए दिन झुंझुनूं शहर में भी चोरी की वारदात हो रही है। इसी क्रम में बीती रात को चोरों ने भाजपा पदाधिकारी के घर चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पार कर दी। जानकारी के अनुसार झुंझुनूं के कोतवाली थाना इलाके के मणि विहार स्थित भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष विकास पुरोहित के मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए मकान की आलमारी का ताला तोड़ अलमारी से सोने चांदी के जेवरात और करीब 60 हजार की नकदी तथा मकान के कागजात, बैंक खाते की पास बुक, एटीएम भी चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो कमरे की आलमारी का ताला टूटा हुआ था और आलमारी से सामान बिखरा हुआ था। भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष विकास पुरोहित ने बताया कि चोर मकान से सोने चांदी के जेवरात, करीब 50 से 60 हजार नकदी और मकान के कागजात और एटीएम चोरी कर ले गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles