झुंझुनूं। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का फिर से झुंझुनूं दौरा तय हुआ है। वे दो मार्च को नवलगढ और खेतड़ी में यमुना जल समझौता होने के बाद आभार सभा में शिरकत करेंगे। इससे पहले सीएम का दौरा निरस्त हो चुका है। वे पहले 28 फरवरी को आने वाले थे। लेकिन दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने के कारण यह दौरा निरस्त हो गया था। इससे पहले एक बार वे खेतड़ी भी आने वाले थे। वह दौरा भी निरस्त हो गया था। अब तीसरी बार फिर से झुंझुनूं दौरा तय हुआ है। बुधवार को खेतड़ी और नवलगढ़ आने का कार्यक्रम तय था, अचानक वो भी निरस्त होने से सारी तैयारी धरी की धरी रह गई थी। अब फिर तीसरी बार कार्यक्रम तय हुआ है। सीएम का खेतड़ी और नवलगढ के साथ श्रीमाधोपुर आने का कार्यक्रम है। लेकिन इस बार सीएम के दौरे को लगभग तय माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अब फिर से तैयारी शुरू हो चुकी है। इधर, नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा 2 मार्च को नवलगढ़ के दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे नवलगढ़ कस्बे में डॉ. रामनाथ ए पौद्दार खेल परिसर में आयोजित यमुना जल समझौता धन्यवाद सभा में भाग लेंगे। जाखल ने बताया कि इस मौके पर मुख्यमंत्री शर्मा नवलगढ को कई सौगातें देंगे। सभी की तैयारियां नए सिरे से शुरू हो गई है। इसी दिन श्रीमाधोपुर के कल्याणपुरा गांव में सभा को सम्बोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के विधायक, सांसद, पदाधिकारी व प्रशासन के अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। गौरतलब है कि पूर्व में 28 दिसम्बर 2023 व 28 फरवरी 2024 को मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम बना था लेकिन दोनों बार उनका दौरा निरस्त हो गया।
जहां भाजपा जीती, वहां जाएंगे
यमुना का पानी वैसे तो शेखावाटी के चारों जिलों चूरू, झुंझुनूं, सीकर व नीमकाथाना में आएगा। लेकिन यह भी एक संयोग है कि जहां धन्यवाद सभा होगी, वहां विधानसभा चुनावों में भाजपा को जीत मिली है। खेतड़ीनगर. विधायक धर्मपाल गुर्जर ने बताया कि मुख्यमंत्री 2 मार्च को आएंगे। दौरे की तैयारियां पूरी कर ली गई है। सभा स्थल पर रेंज आईजी सत्येंद्र सिंह व नीमकाथाना जिला कलक्टर शरद मेहरा पहुंचे। उन्होंने सभा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं अधिकारियों ने हेलीपैड का भी जायजा लिया। इस मौके पर एडीएम अनिल महिला, तहसीलदार विवेक कटारिया, बीसीएमओ डॉ हरीश यादव, डीएसपी सतीश वर्मा, पालिका ईओ ऋषभदेव ओला सहित अनेक लोग मौजूद थे ।
मिनट टू मिनट कार्यक्रम
9.45 बजे जयपुर से हेलिकॉप्टर से रवाना
10.30 बजे खेतड़ीनगर पहुंचेंगे
11.45 बजे खेतड़ीनगर से रवाना
12 बजे नवलगढ़ पहुंचेंगे
1.15 बजे नवलगढ़ से रवाना
1.35 बजे कल्याणपुरा श्रीमाधोपुर में सभा करेंगे
2.50 बजे कल्याणपुरा से रवाना
3.10 बजे जयपुर पहुंचेंगे