Wednesday, February 12, 2025
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

भाजपा ने लाेकसभा चुनाव में बड़ी जीत ही नहीं, कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त करवाने का लक्ष्य रखा

चिराना। यूपी के डिप्टी सीएम केशवप्रसाद मौर्य रविवार को झुंझुनूं जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चिराना गांव में अलवर और झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र की संयुक्त कलस्टर बैठक ली। करीब डेढ घंटे तक चली बैठक में डिप्टी सीएम केशवप्रसाद मौर्य के अलावा कलस्टर प्रभारी डॉ. अरूण चतुर्वेदी, लक्ष्मीकांत भारद्वाज, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष अहलावत, अलवर लोकसभा प्रभारी एवं जलदाय मंत्री सुरेश सिंह रावत, अलवर उत्तर जिलाध्यक्ष उम्मेद भाया, अलवर दक्षिण जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, झुंझुनूं जिलाध्यक्ष पवन मावंडिया व झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी व तिजारा से विधायक बाबा बालकनाथ आदि शामिल हुए।

इस मौके पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा के दो वैचारिक मुद्दे थे। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटे और अयोध्या में भव्य रामलला का मंदिर बनें। जब भाजपा के दो सांसद थे। तब भी हम इन दोनों मुद्दे पर कायम थे और जब 303 सांसद बनें तो दोनों मुद्दों को हमने पूरा किया है। इसलिए पार्टी नेताओं का लक्ष्य दिया गया है कि वे हर बूथ 370 और 500 से अधिक वोटों का इजाफा करें। क्योंकि भाजपा ने ना केवल 370 धारा हटाई है। बल्कि 500 साल बाद फिर से रामलला की प्राण प्रतिष्ठा अयोध्या में की है। उन्होंने कहा कि 10 साल सत्ता में रहने के बाद भी पहली बार ऐसा माहौल है कि केंद्र सरकार का कोई भी विरोध नहीं है। इसलिए इस बार भाजपा 370 से अधिक और एनडीए 400 से अधिक सीटें लाएंगी। उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव पांच सालों के लिए नहीं है। बल्कि यह देश को 100 साल आगे ले जाएगा।

उन्होंने दावा कि राजस्थान में तो हम तीसरी बार 25 की 25 सीटें जीत रहे है। लेकिन राजस्थान की तरह यूपी, एमपी, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात आदि राज्यों में भी सभी सीटें भाजपा जीत रही है। उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि वे सिर्फ भारी अंतर से जीत का लक्ष्य ही ना रखें। वे यह भी लक्ष्य रखें कि अंतर इतना बड़ा हो कि कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त हो जाए। उन्होंने कहा देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की आंधी नहीं, बल्कि सुनामी चल रही है। इससे पहले केशवप्रसाद मौर्य का चिराना पहुंचने पर स्वागत किया गया। इसके बाद वे सीकर के लिए रवाना हो गए।

बैठक में ये भाजपा नेता रहे मौजूद

चिराना के गोल्याणा में हुई बैठक में मौजूद पदाधिकारी।

बैठक में नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह शेखावत, अलवर लोकसभा संयोजक संजय सिंह नरूका के अलावा पूर्व विधायक सुभाष पूनियां, शुभकरण चौधरी, फतेहपुर से प्रत्याशी रहे श्रवण चौधरी, जिला महामंत्री राजेश दहिया, सरजीत चौधरी, राष्ट्रीय परिषद प्रतिनिधि विश्वंभर पूनियां, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, बनवारीलाल सैनी, जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल ढूकिया, राकेश शर्मा बगड़, शेरसिंह निर्वाण, जिला मंत्री महेंद्र चंदवा, मंजू सैनी, कुबेर सिंह शेखावत, ओमेंद्र सिंह चारण, विकास लोटिया, उप जिला प्रमुख सतवीर गुर्जर, डॉ. राजेश बाबल, पूर्व प्रधान गिरधारीलाल खीचड़, जिला प्रवक्ता पवन कुमार शर्मा, राकेश पाटन, सुरेंद्र सोनी, मुरलीमनोहर शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज श्योराण, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रतनसिंह तंवर, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र भाटिया, सावित्री सैनी, राकेश सहल, दिलीप सैनी, रामनिवास सैनी, ललित जोशी, चंद्रप्रकाश शुक्ला, विजेंद्र हटवाल, इंद्राज सैनी, महेश जीनगर, डॉ. सुरेंद्र कुमार, सुभाष सैनी मावंडिया आदि मौजूद थे।

नहर के नाम पर कांग्रेस ने 60 सालों तक ठगा
इस मौके पर लोकसभा चुनाव क्लस्टर प्रभारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने उपस्थित प्रबंधन समिति एवं कोर कमेटी के पदाधिकारी को संबोधित करते हुए कहा कि यमुना जल समझौते के नाम पर कांग्रेस ने यहां की जनता को पिछले 60 वर्षों से ठगा है। भारतीय जनता पार्टी ने उनका सपना पूरा करने का कार्य किया है। राजस्थान की भाजपा सरकार ने महिला सुरक्षा के लिए बड़ा काम किया है। रीट पेपर सहित पेपर लीक प्रकरणों की जांच हेतु एसआईटी गठन की है। गत कांग्रेस सरकार में सड़क माफिया, पेपर लीक माफिया सहित अनेक प्रकार के माफिया सक्रिय होकर प्रदेश को खोखला करने में लगे थे। भारतीय जनता पार्टी की सरकार आते ही उन माफिया को समाप्त करने का काम किया। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी संपूर्ण 25 की 25 सीटें जीतेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करने में सहयोग करेंगे।

मौर्य का किया स्वागत, रावत बोले- जल्द घोषित होंगी टिकटें
इससे पहले तारपुरा हवाई पट्टी पर पहुंचने पर डिप्टी सीएम मौर्य का स्वागत किया गया। वहीं चिराना रिसोर्ट में भी पहुंचने पर स्वागत किया गया। इस मौके पर जलदाय मंत्री सुरेश सिंह रावत ने बताया कि भाजपा जल्द ही लोकसभा प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। संसदीय बोर्ड और केंद्रीय नेतृत्व इसकी घोषणा करेगा। जलदाय मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि यमुना के पानी को लेकर 1994 से चर्चा चल रही थी। लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से चंद हफ्तों में दोनों राज्यों के बीच डीपीआर बनाने पर सहमति बन गई है। इसलिए 28 फरवरी को झुंझुनूं में मुख्यमंत्री की धन्यवाद सभा होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भी चुनावों के लिए काम नहीं करती। बल्कि जनता के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि यह कार्य पांच साल के अंदर अंदर पूरा हो जाएगा और शेखावाटी के तीनों जिलों को पानी मिलेगा।

भाजपा यमुना फैसले को भुनाएगी, तीन जगहों पर होगी सभा!
इधर, भाजपा लोकसभा चुनावों में ना केवल यमुना फैसले को भुनाने के लिए प्लान तैयार कर रही है। बल्कि आचार संहिता से पहले पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को झुंझुनूं बुलाकर उनका अभिनंदन भी करने की तैयारी है। भाजपा सूत्रों की मानें तो 28 फरवरी को झुंझुनूं में तीन जगहों पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का अभिनंदन किया जाएगा। सबसे पहले धन्यवाद सभा नवलगढ़ के सूर्य मंडल खेल मैदान में होगी। जिसमें नवलगढ़ और उदयपुरवाटी के लोग शामिल होंगे। दूसरे नंबर की सभा झुंझुनूं या फिर मंडावा में होगी। जिसका स्थान तय किया जा रहा है। सभा चाहे झुंझुनूं में हो या मंडावा में, लेकिन इन दो विधानसभा की एक धन्यवाद सभा होगी। जिसमें शर्मा और शेखावत का अभिनंदन किया जाएगा। इसके अलावा तीसरी सभा कॉपर में होगी। जहां पर खेतड़ी, पिलानी और सूरजगढ़ विधानसभा से लोग पहुंचेंगे। इन तीनों सभाओं के समय, स्थान और पूरे कार्यक्रम की अधिकारिक घोषणा संभवतया सोमवार को हो जाएगी।