Monday, May 12, 2025
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

पूर्व सीएम के बेटे वैभव गहलोत के करीबी मुरारी सैनी कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए शामिल

झुंझुनूं। कार्यक्रम में झुंझुनूं के युवा कांग्रेस नेता और वैभव गहलोत के साथ—साथ पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी मुरारी सैनी कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने पार्टी का दुपट्टा ओढाकर मुरारी सैनी को भाजपा में शामिल किया। मुरारी सैनी को चार दिन पहले ही कांग्रेस के ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष ने झुंझुनूं लोकसभा का प्रभारी बनाकर जिम्मेदारी दी थी। वहीं इससे पहले वे शांति व अहिंसा विभाग के जिला संयोजक भी रह चुके है। वहीं युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता समेत कई पदों पर काम कर चुके हैं। मुरारी सैनी को पूर्व सीएम अशोक गहलोत के साथ—साथ पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव की टीम का सदस्य माना जाता है।

मुरारी सैनी ने कहा कि कांग्रेस में वंशवाद से पार्टी को नुकसान हो रहा है। वहीं मोदी के नेतृत्व में देश रॉकेट से भी तेज गति से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो राम को नहीं मानता, वो कोई काम का नहीं है। इसलिए वे कांग्रेस छोड़ रहे है। आपको बता दें कि मुरारी सैनी के झुंझुनूं लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बृजेंद्र ओला से भी राजनैतिक प्रतिद्वंद्वता है। जिसके चलते वे खुद को काफी समय से कांग्रेस में असहज महसूस कर रहे थे। वहीं बीते दो—तीन महीनों से वे कांग्रेस से ज्यादा भगवान श्रीराम से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे थे। वहीं यूपी के डिप्टी सीएम केशवप्रसाद मौर्य से भी उनकी नजदीकियां राजनैतिक चर्चाओं को जन्म दे रही थी। इन सब चर्चाओं को विराम देते हुए मुरारी सैनी बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। सैनी के अलावा झुंझुनूं पंचायत समिति में निर्दलीय सदस्य दिनेश सैनी कायस्थपुरा, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव मनरूप जांगिड़, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र तोलियासर, झुंझुनूं पंचायत समिति निर्दनीय सदस्य प्रतिनिधि नंदलाल सैनी रतनशहर, उदयपुरवाटी नगर पालिका कांग्रेस से पार्षद रहे संदीप सोनी ने कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

शहर में जगह—जगह हुआ सीएम व प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी तथा प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर हैलिकॉप्टर से हवाई पट्टी पहुंचे। हवाई पट्टी पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत व जिलाध्यक्ष बनवारीलाल सैनी की अगुवाई में सीएम, प्रदेश सह प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया गया। इसके बाद सीएम का पीरूसिंह सर्किल पर डॉ. राजेश बाबल व प्रमोद जानूं के नेतृत्व में स्वागत हुआ। वहीं सीएम ने भी परमवीर चक्र प्राप्त शहीद पीरूसिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद गुढ़ा मोड़ पर पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी के नेतृत्व में स्वागत किया गया।

गोलाई मोड़ पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव सिंह शेखावत तथा पूर्व मीडिया प्रभारी पुरूषोत्तम खाजपुरिया के नेतृत्व में 51 किलो की माला सीएम को पहनाई गई। सीएम इसके बाद सीधे एनएमटी कॉलेज के पास राजघराना रिसोर्ट पहुंचे। जहां पर उनका महिला मोर्चा की महिलाओं ने तिलक लगाकर और मंगल गीत गाकर स्वागत किया। इसके बाद सीएम ने भाजपा के जिला कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद सीएम ने कलस्टर बैठक में हिस्सा लिया। राजघराना रिसोर्ट में गुलजारीलाल वैद ने भी सीएम से मुलाकात की और उनका स्वागत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles