झुंझुनूं। जिले में पिछले आठ माह में दो कलेक्टर बदल दिए। अब तीसरा कलेक्टर लगाया गया है। चुनाव से पहले 2 अक्टूबर 2023 को लगाए गए आईएएस बचनेश अग्रवाल को जयपुर भेज दिया है। उन्हें जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में संयुक्त सचिव एवं जल जीवन मिशन राजस्थान के निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह ग्रामीण गैर कृषि विकास अभिकरण (रूडा) जयपुर की प्रबंध निदेशक चिन्मयी गोपाल को झुंझुनूं कलेक्टर लगाया गया है। वे झुंझुनूं जिले में तीसरी महिला कलेक्टर होंगी। इनसे पहले आईएएस मुग्धा सिन्हा व आईएएस डॉ. आरुषि मलिक भी कलेक्टर रह चुकी हैं।
बचनेश अग्रवाल का कलेक्टर के रूप में अब तक का सबसे छोटा कार्यकाला रहा है। उन्हें महज तीन महीने में ही बदल दिया गया। बचनेश अग्रवाल ने 5 अक्टूबर को यहां जॉइन किया था। छह सितंबर की रात जारी तबादला सूची में उन्हें यहां से हटा दिया गया है। बचनेश अग्रवाल से पहले दूसरा छोटा कार्यकाल तत्कालीन कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव का रहा। डॉ. यादव ने 17 मई 2023 को यहां कलेक्टर का पद संभाला था। करीब साढ़े 4 महीने बाद 2 अक्टूबर को उन्हें हटा दिया गया। इसी तरह महज छह माह का कार्यकाल पूरा करने वाले एडीएम मुरारीलाल शर्मा का भी तबादला कर दिया गया। मुरारी लाल शर्मा काे अलवर में अतिरिक्त कलेक्टर पद पर लगाया गया है। उनके स्थान पर शाहपुरा एडीएम चंदन दुबे को झुंझुनूं एडीएम लगाया गया है। तबादला सूची में जिले के नवलगढ़, मलसीसर व बुहाना के एसडीएम भी बदले गए हैं।
फिर महिला को सौंपी जिले की कमान



जिले की कमान एक बार फिर महिला आईएएस को सौंपी गई हैं। वर्ष 2014 बैच की आईएएस ऑफिसर चिन्मयी गोपाल झुंझुनूं की नई कलेक्टर होंगी। आईएएस चिन्मयी दिल्ली की रहने वाली हैं। वे इकोनॉमिक्स से पोस्ट ग्रेजुएट हैं। वे 4 अक्टूबर 2023 से ग्रामीण गैर कृषि विकास अभिकरण (रूडा) जयपुर के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। इससे पहले वे टोंक जिले की कलेक्टर रह चुकी हैं। चिन्मयी से पहले मुग्धा सिन्हा 6 सितंबर 2010 से 1 फरवरी 2011 तक यहां कलेक्टर रह चुकी हैं। इसी तरह 5 जून 2013 से 29 अक्टूबर 2014 तक डॉ. आरुषि मलिक झुंझुनूं कलेक्टर रही। इन दोनों ही महिला कलेक्टरों ने जिले में बोल्ड लेडी कलेक्टर के रूप में पहचान बनाई थी।
जगदीश सिंह आशिया बुहाना, राजेश सुवालका मलसीसर व लाखाराम नवलगढ़ के नए एसडीएम
नवलगढ़ उपखंड अधिकारी सुमन सोनल को समेरी (सलूम्बर) एसडीएम के रिक्त पद पर लगाया गया है। उनके स्थान पर धोरीमन्ना (बाड़मेर) एसडीएम लाखा राम को नवलगढ़ भेजा गया है। बुहाना उपखंड अधिकारी सुनील कुमार चौहान को किशनगढ़ (अजमेर) एसडीएम लगाया गया है। उनके स्थान पर जैसलमेर एसडीएम जगदीश सिंह आशिया को यहां भेजा गया है। इसी तरह मलसीसर के उपखंड अधिकारी हवाई सिंह यादव को जयपुर शहर (उत्तर) एसडीएम के रिक्त पद पर लगाया गया है। उनके स्थान पर गंगापुर (भीलवाड़ा) एसडीएम राजेश सुवालका को मलसीसर एसडीएम लगाया गया है।