झुंझुनूं । शहर के छैला नगर में एक पति ने अपनी की गला घोंटकर हत्या करने की कोशिश की। महिला को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। महिला का आरोप है कि पति रविवार को ही मुंबई से आया था। उसने शाम को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी, इससे वह बेसुध हो गई और गहरी नींद में सो गई। इसके बाद पति ने प्रेस के तार से गला घोंट दिया। जब वह चिल्लाई तो परिजनों ने आकर छुड़ाया और अस्पताल में भर्ती कराया।
झुंझुनूं कोतवाल राम मनोहर ठोलिया ने बताया कि घटना शनिवार देर रात करीब 2 बजे की है। रविवार तड़के करीब 3 बजे पीड़िता मीनू शर्मा (38) की छोटी बहन श्वेता ने हमें सूचना दी कि उसके जीजा रविकांत (40) ने बहन मीनू शर्मा को जान से मारने की कोशिश की है। इस पर पुलिस मीनू शर्मा के घर पहुंची। उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पर्चा बयान लेकर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल से मीनू को डॉक्टरों ने जयपुर रेफर कर दिया। घटना के बाद से पति फरार है पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पत्नी का आरोप- शराब पिलाकर मारने की कोशिश की
पत्नी मीनू शर्मा ने बताया कि बगड़ रोड के छेल्ला नगर में ही उसकी ससुराल और पीहर है। वह अपने पीहर में ही थी। उसका पति रविकांत सैनी शनिवार को ही मुंबई से आया था। वहां से आने के बाद उसने फोन किया और घर पर आने को कहा। रात 8ः30 बजे अपनी बेटी के साथ वह ससुराल आ गई थी। इसके बाद पति रविकांत ने कोल्ड ड्रिंक के साथ पैग में कुछ मिलाकर दिया। उसके बाद दोनों ने साथ खाना खाया और सो गए। वह नींद में थी या बेहोशी में यह उसे भी मालूम नहीं।
रात 2 बजे के करीब पति ने अचानक मारपीट करते हुए प्रेस के तार से गला घोंट दिया। चिल्लाने पर दूसरे कमरे में सो रही उसकी बेटी व सास ने कमरे में आकर छुड़वाया। मीनू शर्मा ने आरोप लगाया है खाने के दौरान उसके पति ने कोल्ड ड्रिंक में शराब पिलाई थी। इसके बाद उसे होश नहीं रहा और नींद में उसके पति ने जानलेवा हमला कर दिया।
2012 में हुई थी लव मैरिज

मीनू शर्मा और रविकांत सैनी की 2012 में लव मैरिज हुई थी। मीनू की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी 11 साल की है, जो चौथी क्लास की स्टूडेंट है। दूसरी बेटी 8 साल की है, जो दूसरी क्लास में पढ़ती है। नीतू शर्मा ने आरोप लगाया है शादी के बाद से ही उसके पति व ननद दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं। शादी के दो साल बाद भी पति ने मारपीट की थी। इसका महिला थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया था।