झुंझुनूं। लोकसभा चुनावों की सरगर्मी अब नजर आने लगी है। कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा एआईसीसी के निर्देशानुसार प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में झुंझुनूं लोकसभा का “लोकसभावार कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम“ मंगलवार को दोपहर में रीको झुंझुनूं स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुआ। इसमें राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर रंधावा और राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अलावा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, लोकसभा पर्यवेक्षक हिंडौली विधायक अशोक चांदना व मुंडावर विधायक ललित यादव, समन्वयक डॉ. खानू खां बुधवाली, जिला प्रभारी रामसिंह कस्वां आदि शामिल हुए। इन्होंने बताया कि झुंझुनूं लोकसभा सीट पर इस बार कांग्रेस का प्रत्याशी ही जीत दर्ज करेगा। क्योंकि विधानसभा चुनावों में भी झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र की आठ विधानसभा सीटों में से छह विधानसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर इतिहास रचा है। पूरे लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में माहौल पहले से ही है। वहीं वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियां भी आमजन को समझ में आ चुकी है। जिसका फायदा भी कांग्रेस को होगा।
माननगर में झुंझुनूं व गिडानिया ब्लॉक की बैठक में उठा ओला परिवार का नाम

मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद से पहले ही ओला समर्थक कार्यकर्ताओं ने ओला परिवार को टिकट देने की वकालत की है। मान नगर स्थिति कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को झुंझुनूं व गिडानिया ब्लॉक के कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें मंगलवार को झुंझुनूं में आयोजित होने वाले लोकसभा के संवाद कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में झुंझुनूं लोकसभा से ओला परिवार के सदस्य को टिकट देने की मांग उठी। सभी पदाधिकारियों ने अपने अपने सुझाव रखे। उसके बाद सभी ने एक राय होकर झुंझुनूं से ओला परिवार के सदस्य को टिकट देने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि झुंझुनूं लोकसभा से ओला परिवार को टिकट दिया तो जीत निश्चित होगी। इस दौरान झुंझुनूं ब्लॉक अध्यक्ष अजमत अली, गिडानिया ब्लॉक अध्यक्ष सुमेर सिंह महला, उप सभापति राकेश झाझड़िया, पूर्व अध्यक्ष तैयब अली, मंडल अध्यक्ष मुमताज अली, ताराचंद सैनी, राकेश राहड़, प्रवक्ता उमर कुरैशी, पार्षद युनूस अली, प्रदीप सैनी, साजिद हुसैन, अदनान, पार्षद प्रतिनिधि आजम भाटी, महासचिव सलीम कबाड़ी, ब्लॉक उपाध्यक्ष महमूद अली, पार्षद रामनारायण कुमावत, अब्दुल्ला अगवान, विक्की, आनंद ओला, पूर्व पार्षद अयूब कबाड़ी, तौफिक सैयद, सलीम चेजारा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राखी गौतम पहुंची, महिला कार्यकर्ताओं से किया संवाद
सोमवार को कांग्रेस महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राखी गौतम झुंझुनूं पहुंची। झुंझुनूं के रीको स्थित कांग्रेस कार्यालय में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश सुंडा तथा महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारा पूनियां की अगुवाई में प्रदेश अध्यक्ष राखी गौतम का स्वागत किया गया। राखी गौतम ने महिला कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर जिले की स्थिति को लेकर फीडबैक लिया। साथ ही राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर भी चर्चा की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राखी गौतम ने भाजपा की प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पर्ची सरकार जब नहीं आई थी। तब पोस्टरों और भाषणों में महिला सुरक्षा को लेकर बातें की। मगर वर्तमान में प्रदेश की स्थिति बड़ी शर्मसार है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर महिला कार्यकर्ताओं की भी जिम्मेदारी अहम बनती है। इसको लेकर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता अग्रणी भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा प्रभारी और पर्यवेक्षक लगातार लोकसभा क्षेत्र का दौरा कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रहे हैं। वहीं प्रदेश प्रभारी प्रदेश और प्रदेशअध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष भी कार्यकर्ताओं से संवाद कर लोकसभा चुनाव को लेकर फीडबैक ले रहे हैं। कांग्रेस लोकसभा चुनाव को लेकर मजबूत प्रत्याशी मैदान में उतारेगी और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगी। इस मौके पर शारदा ढाका समेत अन्य महिला कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थी।