चिड़ावा। इसे साजिश कहें, बीमारी या फिर कोई जादू—टोना। हो चाहे कुछ भी। लेकिन एक पशुपालक की घोड़ी, ऊंट और गाय के साथ हो रही घटनाओं से वह खुद और उसका पूरा परिवार बेहद परेशान और दुखी है। जी, हां खबर झुंझुनूं के सुलताना से है। जहां पर किठाना रोड पर पशुपालक सुभाष सिंह की तीन घोड़ियों और एक गाय की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ी। इनमें से दो घोड़ियों और एक गाय की मौत हो गई है। वहीं एक अन्य घोड़ी भी तड़प रही है। जिसका ईलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी में घोड़ियों और गाय की मौत का कारण जहर माना जा रहा है। लेकिन सवाल यह भी है कि चार साल में पशुपालक सुभाष सिंह के साथ यह तीसरी घटना है। पहली बार पशुपालक सुभाष सिंह की तीन घोड़ी और एक ऊंट अगस्त 2021 में अचानक तड़पते हुए खत्म हो गए। दूसरी बार 2022—23 में फिर से उसकी दो घोड़ियों की तबियत बिगड़ी। लेकिन समय पर ईलाज मिलने के कारण वह बच गई। अब शुक्रवार को एक बार फिर तीन घोड़ियों और एक गाय अचानक तड़पने लगी। इनमें से दो घोड़ियों और एक गाय की मौत हो गई है। वहीं तीसरी घोड़ी की भी हालत गंभीर बनी हुई है। माना जा रहा है कि जहर देकर ये वारदातें अज्ञात व्यक्ति के द्वारा की जा रही है। लेकिन चार साल से हो रही वारदातों को लेकर हर बार थाने में मामला दर्ज करवाया जाता है। मृतक घोड़ी, ऊंट का पोस्टमार्टम होता है। परंतु पुलिस इस मामले का खुलासा करने में नाकाम रहती है। आज एक बार फिर ऐसी घटना होने से सुभाष सिंह परेशान और दुखी है।

अब तो उसका विश्वास पुलिस और मेडिकल टीम से भी उठ गया है। सुभाष सिंह का कहना है कि यदि कागजी खानापूर्ति ही करनी है तो वह अपनी मृत घोड़ी और गाय को वैसे ही अंतिम संस्कार कर देगा। इधर, घटना की सूचना मिलने पर सुलताना एसएचओ भजनाराम पहुंचे। जिन्होंने डॉग स्कवायड को भी मौके पर बुलाया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। आज मृत हुई दो घोड़ियों और एक गाय की कीमत छह लाख रूपए के करीब बताई जा रही है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ सा टूट गया है। वहीं दहशत का भी माहौल इसलिए हो गया है कि भविष्य में कब ऐसी घटना चौथी बार हो जाए। यही आशंका सता रही है। वहीं, पशुपालक सुभाष सिंह की मानें तो उनका कहना है कि किसी ने रात को पशुओं को जहर खिला दिया। सुबह जब पशुओं को चारा डालने गए तब पशुओं के सामने गुड़ और राख जैसा पदार्थ पड़ा था।