झुंझुनूं विधानसभा सीट से उपचुनाव में टिकट के दावेदार
झुंझुनूं। विधानसभा उप चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यालय जयपुर में आयोजित बैठक में झुंझुनूं विधानसभा के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक को राजस्थान भाजपा की सह प्रभारी विजया राहटकर, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सामाजिक न्याय एव अधिकारिता मंत्री एवं झुंझुनूं जिले प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत, खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, भाजपा प्रदेश महामंत्री, जयपुर संभाग सह प्रभारी संगठन एव देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाना समेत अन्य भाजपा नेताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर मंडल स्तर पर संगठन संरचना को मज़बूत कर सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को शक्ति केंद्रों पर प्रवास के लिए निर्देशित किया। कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र भी दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने की हिदायत दी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने सभी कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अब बागी चुनाव लड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बागियों को निष्कासन के बाद वापस पार्टी में शामिल भी नहीं किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, राष्ट्रीय परिषद प्रतिनिधि विश्वंभर पूनियां, प्रदेश विस्तारक योजना के राजेश गुर्जर, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र भांबू, भाजपा ज़िलाध्यक्ष बनवारीलाल सैनी, जिला महामंत्री सरजीत चौधरी, जिला उपाध्यक्ष रामनिरंजन पुरोहित, राकेश शर्मा, सुनील लांबा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भादरमल स्वामी, कुलोद मंडल अध्यक्ष सतीश खीचड़, सुलताना मंडल अध्यक्ष बलजीत शर्मा,अरुणा सिहाग, रजनीश चनाना, सोशल मीडिया जिला संयोजक चंद्रप्रकाश शुक्ला, विकास पुरोहित, आशुसिंह शेखावत सहित भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इन चेहरों पर चल रही चर्चा
शिक्षाविद् बनवारीलाल रणवां व समाजसेवी शिवकरण जानू
इधर, इस बैठक के बाद चर्चा है कि भाजपा नेतृत्व ने विधानसभा चुनावों में 28 हजार 863 तथा लोकसभा चुनावों में 16 हजार 042 वोटों से अधिक से भाजपा के पिछड़ने पर ना केवल नाराज है। बल्कि सख्त भी है। जिसके बाद संभावना है कि इस बार उप चुनावों में टिकट तो किसी भी सूरत में रिपिट नहीं किया जाएगा। उप चुनावों में झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र में भाजपा चेहरा बदलेगी। जिसमें पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्य विश्वंभर पूनियां तथा भाजपा नेता राजेंद्र भांबू के नामों की चर्चा है। लेकिन इन चर्चाओं के बीच ही शिक्षाविद् बनवारीलाल रणवां तथा समाजसेवी शिवकरण जानूं के नामों पर भी भाजपा गंभीरता से विचार कर रही है। नया चेहरा उतारने के उद्देश्य से इन नामों पर चर्चा चल रही है।
सबसे खराब प्रदर्शन रहा झुंझुनूं विधानसभा का
आपको बता दें कि 2023 के विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशी निषित चौधरी बबलू ज्यादा खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। वे महज 8 फीसदी ही वोट पार्टी के लिए बढा सके। 2018 में जहां पार्टी को 21 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं 2023 में यह वोट प्रतियोत 29.69 प्रतिशत रहा था। जबकि भाजपा नेता राजेंद्र भांबू ने पार्टी से बागी होकर 21.73 प्रतिशत वोट अपने दम पर प्राप्त कर अपनी ताकत दिखाई थी। ताकत 2018 में बागी होकर बबलू चौधरी ने भी दिखाई थी। लेकिन वे उस वक्त भी 17 प्रतिशत वोट ही प्राप्त कर सके थे। लोकसभा चुनावों में भी भाजपा को सबसे बड़ी हार का सामना किसी विधानसभा में करना पड़ा है। तो वो भी झुंझुनूं विधानसभा ही है। ऐसे में राजनैतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी किसी भी सूरत में टिकट रिपिट करने के मूड में नहीं है।